भाद्राजून को नई पंचायत समिति एवं 15 नई ग्राम पंचायत बनाने पर विधायक राजपुरोहित का बहुमान
आहोर, जालौर।
भाद्राजून को नई पंचायत समिति मुख्यालय तथा 15 नई ग्राम पंचायतों का गठन किए जाने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों में हर्ष की लहर है। इसी उपलक्ष्य में सोमवार को आहोर स्थित स्थानीय विधायक कार्यालय में भाद्राजून क्षेत्र से पहुंचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित का माला-साफा पहनाकर आत्मीय बहुमान किया।
ग्रामीणों ने विधायक राजपुरोहित के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाद्राजून को नई पंचायत समिति तथा बेदाना, उकरड़ा, मेवासा, मालगढ़, गोविंदला, सेलडी, बरवा, नीलकंठ, गुड़ारामा, राजनवाड़ी, देलदरी, सुमेरगढ़ खेड़ा, मायलावास, नागनी और भेटाला—इन 15 नई ग्राम पंचायतों के गठन से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों का कहना था कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, आमजन की दिक्कतें कम होंगी तथा कई प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ अब अधिक सुगमता से गांव-गांव तक पहुंच सकेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने कहा कि जनता के आशीर्वाद और सकारात्मक सहयोग से ही क्षेत्र में बड़े और उल्लेखनीय विकास कार्य संभव हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि भाद्राजून क्षेत्र लंबे समय से पंचायत समिति की मांग कर रहा था, जिसे अब वास्तविक रूप मिल गया है। आगे भी विकास कार्यों को गति देते हुए क्षेत्र में ऐसे कार्य करवाए जाएंगे, जो कल्पना से भी परे होंगे, और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्साह, हर्ष और विधायक राजपुरोहित के प्रति सम्मान का विशेष माहौल देखने को मिला।



