*शत-प्रतिशत एसआईआर पूर्ण करने आहोर के 8 बीएलओ व 6 सुपरवाईजर का किया गया अभिनंदन*
जालोर 26 नवम्बर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत जिले के आहोर विधानसभा क्षेत्र में शत-प्रतिशत एसआईआर कार्य पूर्ण करने पर आहोर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी रोहित चौहान द्वारा आहोर विधानसभा क्षेत्र के 8 बीएलओ व 6 सुपरवाईजर का माल्यार्पण व साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया ।
आहोर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी ने बुधवार को आहोर विधानसभा के भाग संख्या 3 के बीएलओ सांवलाराम, भाग संख्या 14 के बीएलओ श्रवण सिंह, भाग संख्या 68 के बीएलओ भंवरलाल, भाग संख्या 91 के बीएलओ बाबूलाल, भाग संख्या 191 के बीएलओ खुशाल सिंह, भाग संख्या 62 के बीएलओ गणपतसिंह, भाग संख्या 1 के बीएलओ चेनाराम व भाग संख्या 37 के बीएलओ दशरथ सिंह तथा सुपरवाईजर गुलाब खाँ, नरसिंग राम, श्रीमती सुनिता, जयंतिलाल, प्रवीण कुमार व गणपतसिंह देवड़ा का माल्यार्पण व साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।
*मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत जिले में अब तक 1224548 गणना प्रपत्र हुए डिजीटाइज*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे के निर्देशन में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के गणना चरण के दौरान गणना प्रपत्रों को डिजीटाइज किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि जिले में एसआईआर-2026 के गणना चरण के दौरान गणना प्रपत्रों को डिजीटाइज भी किया जा रहा है। अब तक जालोर जिले में कुल 1224548 (80.40 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों को डिजीटाइज किया गया। जिले के आहोर विधानसभा में 202707 (71.47 प्रतिशत), जालोर विधानसभा में 232645 (76.25 प्रतिशत), भीनमाल विधानसभा में 287901 (88.78 प्रतिशत), सांचौर विधानसभा में 284099 (87.04 प्रतिशत) व रानीवाड़ा विधानसभा में 217196 (76.13 प्रतिशत) गणना प्रपत्रों को डिजीटाइज किया जा चुका है।
