जालोर / जयपुर
भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा का शपथ ग्रहण समारोह जयपुर में भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस अवसर पर प्रदेशभर से सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
शपथ ग्रहण समारोह में जालोर एसटी मोर्चा के जिला महामंत्री मनोहर राणा ने भी जयपुर पहुंचकर नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। राणा ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि नारायण मीणा के नेतृत्व में एसटी मोर्चा संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगा।
इस दौरान मनोहर राणा एवं प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा के बीच अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। राणा ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ एसटी वर्ग के पात्र लोगों तक पहुँचाने, जागरूकता अभियान चलाने तथा संगठनात्मक स्तर पर मजबूती प्रदान करने पर जोर दिया। प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने भी आश्वस्त किया कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
समारोह में मौजूद कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।


