जालोर 20 जनवरी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 23 जनवरी को बसन्त पंचमी के शुभ अवसर पर शिविरों का शुभारम्भ करते हुए 24, 25 व 31 जनवरी तथा 1 फरवरी व 5 से 9 फरवरी तक जिले में निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रत्येक गिरदावर वृत्त पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जायेगा।
जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने बताया कि शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण एवं पंचायतीराज विभाग सहित संबंधित विभागों की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजना की जानकारी उपलब्ध करवाकर लाभ प्रदान किया जायेगा।
*23 जनवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर इन स्थानों पर होंगे शिविर*
जालोर जिले में 23 जनवरी, शुक्रवार को बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर जालोर, आहोर, भाद्राजून, सायला, बागोड़ा, भीनमाल, जसवंतपुरा, रानीवाड़ा, सांचौर व चितलवाना गिरदावर सर्किल पर एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन कर जिले में शिविरों का शुभारंभ किया जायेगा।
*शिविरों में विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर ग्रामीणों को किया जायेगा लाभान्वित*
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा तार बंदी, डिग्गियां, पाईप लाईन, फार्म पौण्ड, फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पम्प संयत्र इत्यादि की स्वीकृति, बैलों से खेत जोतने पर 30 हजार प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति, फसल बीमा एवं एमएसपी पर जानकारी, कृषि योजनाओं/आधुनिक यंत्रों का प्रदर्शन एवं जानकारी, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, सोलर पंप आवेदन तैयार करना, पॉली हाउस से वंचित प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए एक आवेदन तैयार करने, मिनी किट एवं बीज वितरण का सत्यापन कर डेटा बेस तैयार करने सहित जीआरएम-2026 में कृषकों की भागीदारी के लिए प्रचार प्रसार किया जायेगा। कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएमएफएमई के आवेदन पत्र तैयार करवाने, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के अन्तर्गत प्राप्त आवेदनों का निस्तारण, सहकारिता विभाग द्वारा सीएम किसान निधि का डीबीटी करने, किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन प्राप्त करने, एनसीओएल व एनसीइएल सदस्यता आवेदन प्राप्त करने, नवीन गोदाम (100, 250, 500 एमटी) आवेदन तैयार करने, डीसीएस द्वारा सहकारी बैंक में खाता खोलने, एसएचजी को ऋण आवेदन, कृषि/गैर कृषि 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना के आवेदन तैयार करवाने, सहकारिता सदस्यता आवेदन अभियान/पूर्व आवेदन स्वीकृति, नए कस्टम हायरिंग सेंटर के आवेदन तैयार करवाने व सहकारी ऋण योजना की जानकारी देने का कार्य किया जायेगा।
इसी प्रकार पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों का पंजीकरण एवं स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करने, पशुओं की प्राथमिक चिकित्सा एवं कृमिनाशक औषधि पिलाने, क्लासिकल स्वाइन फीवर रोग प्रतिरोधक टीकाकरण, फर्टिलिटी किट का वितरण, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण, जीआरएम-2026 में पशुपालकों की भागीदारी सहित विभागीय योजना एवं कार्यक्रमों व गौशाला विकास योजना की जानकारी प्रदान की जायेगी। डेयरी विभाग द्वारा पीडीसीएस पंजीयन, डीसीएस पंजीयन, नवीन सदस्यता, डीसीएस को सरस बूथ आवंटन एवं नये बूथ व मार्टस का आवंटन, सहकारी ऋण, ग्रामीण विकास विभाग द्वारा पी.एम.आवास योजनान्तर्गत निर्मित आवासों का गृह प्रवेश एवं चाबी सुपुर्दगी सहित विभिन्न विभागों के विभागीय कार्य किए जाएंगे।