मतदाता पुनरीक्षण में नियमों के उल्लंघन का आरोप, कांग्रेस ने एसडीएम आहोर को सौंपा ज्ञापन


 मतदाता पुनरीक्षण में नियमों के उल्लंघन का आरोप, कांग्रेस ने एसडीएम आहोर को सौंपा ज्ञापन

आहोर (संजीव कुटल)



। विधानसभा क्षेत्र आहोर में चल रही विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी की ओर से उपखण्ड अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत 12 दिसंबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया था तथा दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 12 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक निर्धारित है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के इलेक्टोरल मैनुअल 2023 के पैरा 11.3.2(2) के अनुसार व्यक्तिगत मतदाता एक ही फॉर्म (दावा या आपत्ति) प्रस्तुत कर सकता है, जबकि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा कर सकते हैं। प्रत्येक फॉर्म में मतदाता की पूर्ण जानकारी, मोबाइल नंबर, आवश्यक साक्ष्य एवं अंडरटेकिंग संलग्न होना अनिवार्य है।

इसके बावजूद, ज्ञापन में कहा गया कि एसडीएम कार्यालय में एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा नियमों के विपरीत एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 बल्क में जमा किए गए, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।

कांग्रेस ने मांग की है कि ऐसे सभी नियम विरुद्ध जमा फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 की संकलित सूची नियमानुसार उपलब्ध करवाई जाए तथा बल्क में जमा आवेदनों पर किसी भी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन कर आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मांग भी की गई है।

पार्टी ने जिला प्रशासन से इस गंभीर मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।



ये रहे मौजूद 


ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गजेंद्रसिंह डोडियाली, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भंवरलाल छीपा,क कन्यालाल उमेदपुर, नारायणसिंह राठौड़, शौकत भाई, अल्लाह बख्श खान, तुलसाराम देवासी, गणपतलाल प्रजापत, ताराराम चौधरी एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे

Post a Comment

Previous Post Next Post