आज जालोर नगर परिषद् द्वारा सुंदेलाव तालाब में सीवरेज का पानी जाने से तालाब ओवरफ़्लो हो गया, जिसके कारण सीवरेज का गंदा पानी आसपास की कॉलोनियों में भर गया। इस वजह से स्थानीय बाशिंदों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
इसके खिलाफ शिव सेना (UBT) जालोर जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित के नेतृत्व में सामतीपुरा रोड पर कॉलोनीवासियों के साथ धरना देकर रास्ता जाम किया गया।
धरने की सूचना पर जालोर नगर परिषद आयुक्त दिलीप माथुर मौके पर पहुंचे व प्रभावित कॉलोनियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि रविवार शाम तक सभी प्रभावित कॉलोनियों से पानी की निकासी कर दी जाएगी। उनके आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जालोर नगर परिषद में विकास हेतु जो राशि आती है उसमें बड़ा भ्रष्टाचार व्याप्त है। इसके कारण जो भी कार्य होते हैं, वे घटिया क्वॉलिटी के बनते हैं और जल्दी टूट-फूट जाते हैं। इसका ताज़ा उदाहरण जालोर की सीवरेज लाइन है, जो थोड़े समय में ही पूरी तरह से नाकाम साबित हो गई है।

