*उखरड़ा को नई ग्राम पंचायत बनने पर ग्रामीणों ने विधायक राजपुरोहित का किया स्वागत*
आहोर, जालौर।
आज स्थानीय विधायक कार्यालय आहोर में विधानसभा क्षेत्र आहोर के ग्राम उखरड़ा, मंडला एवं आकोरापादर के ग्रामीणों ने पहुंचकर उखरड़ा को नई ग्राम पंचायत बनाने पर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित का स्नेहपूर्वक स्वागत किया। ग्रामीणों ने माला पहनाकर एवं आत्मीयता भेंट कर विधायक राजपुरोहित के प्रति आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि उखरड़ा को नई ग्राम पंचायत का दर्जा मिलना गांवों के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे प्रशासनिक कार्यों, सरकारी योजनाओं के लाभ, सड़क, पानी, बिजली सहित अन्य विकास कार्यों को सुगमता से आगे बढ़ाया जा सकेगा। नई पंचायत बनने से ग्रामीणों को दूर-दराज के पंचायत मुख्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
विधायक राजपुरोहित ने ग्रामीणों के स्नेह के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उखरड़ा, मंडला और आकोरापादर के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।


