मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम, जालोर से हितधारकों की सूची भेजी गई
जालोर।
राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले बजट (वर्ष 2026-27) पूर्व संवाद कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस संबंध में आयुक्त, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर द्वारा समस्त जिला परिषदों एवं संबंधित अधिकारियों को हितधारकों की सूची भेजने के निर्देश दिए गए थे।
आयुक्त कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के साथ बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम दिनांक 9 जनवरी 2026 को दोपहर 3.00 बजे से शाम 5.00 बजे तक मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभाग से जुड़े विभिन्न हितधारकों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए जाएंगे, ताकि बजट निर्माण में जनजातीय क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्रभावी रूप से शामिल किया जा सके।
इसी क्रम में जिला परिषद जालोर (ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ) द्वारा निर्धारित प्रारूप में हितधारकों की सूची तैयार कर आयुक्त, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, उदयपुर को प्रेषित कर दी गई है। जिला परिषद जालोर से भेजी गई सूची में जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है।
जालोर जिले से भेजी गई हितधारकों की सूची में—
राजेश कुमार, पूर्व जिला प्रमुख जालोर,
रमेश राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य,
मनोहर राणा, सामाजिक कार्यकर्ता ( भाजपा एस टी मोर्चा जिला महामंत्री ),
चमनाराम मीणा, सामाजिक कार्यकर्ता,
टीमाराम मीणा, सामाजिक कार्यकर्ता
के नाम, पते एवं मोबाइल नंबर सम्मिलित किए गए हैं।
जिला परिषद जालोर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पदेन मुख्य परियोजना अधिकारी (माडा) ने बताया कि आयुक्त कार्यालय के निर्देशानुसार इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर सूची भिजवाई गई है। बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों, विकास आवश्यकताओं और सुझावों को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा, जिससे आगामी बजट में इन क्षेत्रों के हितों को मजबूती मिल सकेगी।
