आबू पर्वत की बेटी ने रचा इतिहास, गणित में देशभर में शीर्ष 0.1% में पहुँची

 


आबू पर्वत(किशन दहिया)  : सोफिया हाई स्कूल, आबू पर्वत की मेधावी छात्रा दिशिता अग्रवाल ने अपनी लगन और मेहनत से देशभर में क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाल ही में घोषित आईसीएसई बोर्ड परीक्षा 2025 में दिशिता ने गणित विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में शीर्ष 0.1% सफल छात्रों में जगह बनाई है। इस अद्वितीय उपलब्धि के लिए उन्हें काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE), नई दिल्ली की ओर से “सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट” प्रदान किया गया।


गणित में राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि पाने के साथ ही दिशिता ने अपने विद्यालय में भी टॉप किया है। उन्होंने चार विषयों—गणित, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान और इतिहास एवं नागरिक शास्त्र—में 100 में 100 अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


इस सफलता पर उनके माता-पिता रेनु अग्रवाल और दीपेश अग्रवाल ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि दिशिता बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रही है और गणित उसका पसंदीदा विषय रहा है। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन ने ही उसे इस मुकाम तक पहुँचाया है।


दिशिता ने इस अवसर पर कहा कि “गणित मेरे लिए केवल एक विषय नहीं, बल्कि सोचने और समझने का तरीका है। मैंने कभी हार नहीं मानी, बस लगातार मेहनत की और यही मेरी सबसे बड़ी ताकत रही।”


उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे आबू पर्वत और राजस्थान के लिए गौरव का क्षण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post