*विधायक राजपुरोहित के प्रयासों से सुमेरगढ़ खेड़ा विद्यालय उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत*
आहोर/जयपुर।
आहोर विधानसभा क्षेत्र के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आया। आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित के निरंतर प्रयासों एवं अनुशंसा से शिक्षा निदेशालय बीकानेर ने ग्राम सुमेरगढ़ खेड़ा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने के आदेश जारी किए।
विधायक राजपुरोहित हर विधानसभा सत्र और बजट में आहोर क्षेत्र के विकास के लिए नई सौगातें लाने में अग्रणी रहे हैं। इस क्रम में सुमेरगढ़ खेड़ा विद्यालय को उच्च माध्यमिक का दर्जा मिलना शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। गांव के लोगों ने इस निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक राजपुरोहित का सोशल मीडिया एवं दूरभाष के माध्यम से आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के क्रमोन्नत होने से अब स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। विशेषकर बालिकाओं को गांव से बाहर गए बिना ही उच्च माध्यमिक स्तर तक पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इससे शिक्षा का स्तर बढ़ेगा और ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी।
गांववासियों ने इसे सुमेरगढ़ खेड़ा के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और उम्मीद जताई कि आगे भी विधायक के प्रयासों से शिक्षा व विकास की और सौगातें मिलेंगी।

