*52वीं राज्य स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का हुआ उद्घाटन*
जालोर 27 दिसम्बर। (संजीव कुटल)
52वीं राज्य स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह शनिवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीनमाल में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग के मुख्य आतिथ्य व सांसद लुम्बाराम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। समारोह में जिसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में रानीवाड़ा के पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल, जसराज पुरोहित, भीनमाल उपखण्ड अधिकारी मोहित कासनिया उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न सेवाओं में खेल प्रतिभाओं का चयन करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय शिक्षा विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारी खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। ऐसे आयोजन कार्यक्षमता, अनुशासन और आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं। राज्य सरकार कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। खेलों के माध्यम से मनुष्य का शारीरिक व मानसिक विकास होता है तथा जीवन में अनुशासन की भावना जागृत होती है। जसराज पुरोहित ने महाकवि माघ की नगरी में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन किया।
प्रतियोगिता सचिव निंबाराम चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 17 इवेंट में 1000 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस अवसर पर महेंद्र सोलंकी, भरत सिंह भोजानी, किशोर सांखला, केराराम चौधरी, जय सिंह राव, जोरावर सिंह राव, प्रधानाचार्य शांतिलाल जीनगर, वागाराम सुथार, जगदीश जीनगर, मनोज दवे, कीर्ति वाजपेयी सहित खेल प्रेमी और नगरवासी उपस्थित रहे।

