*आहोर विधायक राजपुरोहित ने मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री को सौंपा पत्र*

 *आहोर विधायक राजपुरोहित ने मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री को सौंपा पत्र*



आहोर, जालौर 


आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने जालौर जिले के मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन पर आवश्यक एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीतसिंह बिट्टू को पत्र सौंपा। विधायक ने यह पत्र सिरोही प्रवास के दौरान लोकसभा क्षेत्र स्तरीय सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के अवसर पर सौंपते हुए जनहित की इस महत्वपूर्ण मांग से अवगत कराया।

पत्र में विधायक राजपुरोहित ने उल्लेख किया कि मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन उनके विधानसभा क्षेत्र का एक प्रमुख और महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। इस स्टेशन से जालौर, सिरोही सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु सहित देश के विभिन्न राज्यों में रोजगार, व्यापार, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं।

वर्तमान में कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को अन्य दूरस्थ स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय, धन एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों एवं महिलाओं को परेशानी होती है।

विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने जनहित को ध्यान में रखते हुए जैसलमेर–साबरमती एक्सप्रेस (14803), साबरमती–जैसलमेर एक्सप्रेस (14804), जोधपुर–साबरमती एक्सप्रेस (14819) तथा साबरमती–जोधपुर एक्सप्रेस (14820) का मारवाड़ बागरा रेलवे स्टेशन पर ठहराव स्वीकृत कराने का आग्रह किया। इस विषय को लेकर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्टू ने आश्वस्त किया, विधायक राजपुरोहित ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के व्यापार, रोजगार, पर्यटन और आमजन के आवागमन को बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति प्राप्त होगी, इस मौके पर राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, सांसद लुंबाराम चौधरी सहित प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post